लखनऊ: शनिवार को पुलिस और लोगों के बीच हिंसक झड़प हुई। यह घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की है, जहां एक सफाईकर्मी की मौत मामले में हिरासत में लिए आरोपी को छोड़ने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार, विद्या नगर कॉलोनी कटेरी बाग निवासी अरुण रावत (45) सुशांत गोल्फ सिटी के लुलु मॉल में सफाईकर्मी थे। 21 अक्टूबर को वह रात में घर नहीं लौटे। अगले दिन उनकी मौत की खबर सामने आई। उनका शव कार्तिक गेस्ट हाउस के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। उनके बगल में पड़ोसी और दोस्त विकास सो रहा था।
परिजनों ने मृतक के सुपरवाइजर अमन उर्फ़ अमर पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या कराने का आरोप लगाया। इसके बाद मामला सुर्खियों में आया और परिजन विजय नगर चौराहा पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने उस समय आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया था।
लेकिन शनिवार को हिरासत में लिए गए आरोपी को छोड़ने पर भीड़ आक्रोशित हो गई। थाने को घेर लिया गया और पुलिसवालों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें दरोगा समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना में महिलाओं की भीड़ आगे आई और पुलिसवालों से युवकों को छुड़ाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे कई महिलाओं समेत भीड़ के लोग घायल हो गए। आसपास के थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई, और अफसर भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कुछ युवकों को पुलिस पकड़कर थाने ले जा रही है। इसी दौरान भीड़ से महिलाएं आगे आईं और दो युवकों को पुलिस के हाथों से छुड़ा लिया। दूसरे वीडियो में तीन युवकों को पुलिस घसीटते दिख रही है, जबकि भीड़ लगातार विरोध कर रही थी।
पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाएगी।
