INDIA गठबंधन की रैली में अखिलेश यादव का दावा-बिहार लिखेगा BJP की हार, बिहार की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, वोटर अधिकार यात्रा में राहुल–तेजस्वी–अखिलेश का भाजपा पर सियासी हमला
पटना/आरा/छपरा/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार के सिवान–छपरा–आरा में आयोजित “वोटर अधिकार यात्रा” में शिरकत की। इस यात्रा में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत भाकपा–माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी भी मौजूद रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “यह चुनाव वोट के अधिकार को बचाने का चुनाव है। वोट का अधिकार रहेगा तो लोकतंत्र बचेगा और लोकतंत्र रहेगा तभी संविधान सुरक्षित रहेगा। यह संविधान ही हमारे लिए संजीवनी है।”
भाजपा को बताया अवसरवादी पार्टी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को “अवसरवादी पार्टी” करार देते हुए कहा कि भाजपा जनता का इस्तेमाल करती है, और बाद में उसे बर्बाद कर देती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार भाजपा और उसके सहयोगियों को सत्ता से बाहर कर देगी।
अमेरिका–टैरिफ विवाद पर तंज

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अमेरिका के टैरिफ फैसले को लेकर भाजपा की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा “अमेरिका ने टैरिफ लगाकर कारोबारियों को मुश्किल में डाला है, लेकिन भाजपा चुप है। लगता है, अमेरिका ने भाजपा के मुंह पर भी टैरिफ लगा दिया है।”
चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग को “जुगाड़ आयोग” बना दिया है। “बिहार में जो एसआईआर हो रहा है। वह भाजपा के इशारे पर हुआ है। जनता से वोट का अधिकार छीना जा रहा है, लेकिन जनता भाजपा को जवाब देगी।”
जनता में वोट अधिकार यात्रा का उत्साह

सभा के दौरान जगह-जगह जनता ने INDIA गठबंधन नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने भी मंच से भाजपा पर सीधा हमला बोला और दावा किया कि बिहार का जनादेश इस बार भाजपा की हार लिखेगा।
