सपा प्रमुख बोले- भाजपा ने 9 साल में यूपी को किया बर्बाद, 2027 में भाजपा को कोई नहीं बचा पाएगा
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सपा अध्यक्ष का भाजपा पर हमला
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने और अन्याय मिटाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है और संविधान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हो चुकी हैं। अस्पतालों में दवा और इलाज तक उपलब्ध नहीं है, एम्बुलेंस सेवाएं ठप हैं।
नोटबंदी से लाभ नहीं, जनता की मुसीबत बढ़ी

पूर्व सीएम ने कहा नोटबंदी से जनता को कोई लाभ नहीं मिला, केवल मुसीबतें बढ़ीं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक में विकास अधूरा और बाढ़ की भयावह स्थिति स्पष्ट है। जीएसटी को जटिल बनाकर व्यापारियों को उलझाया गया है। साल में भाजपा सरकार ने यूपी में एक भी बिजली उत्पादन इकाई नहीं लगाई है।
सपा सरकार की गिनाई उपलब्धियां

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा किसानों, नौजवानों और हर वर्ग के हित में फैसले लिए। सपा सरकार में विकास कार्य हुए, जनता को भरोसा मिला। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा सरकार को कोई नहीं बचा पाएगा। इस दौरान नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पाण्डेय, पूर्व मंत्री नरेन्द्र वर्मा, विजमा यादव,पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, कमला कांत राजभर, शोएब अंसारी, पूर्व मंत्री शेख सुलेमान और सलामतुल्ला सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
