एसपी चीफ बोले- जनता इस बार बीजेपी की सारी तिकड़म निकाल देगी, टीएमसी सांसद पर हमले पर जताई नाराजगी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया पर कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक के बाद एक पोस्ट कर भ्रष्टाचार,राजनीतिक हिंसा और सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा की आलोचना की।अखिलेश यादव ने एक पोस्ट में भाजपा पर हमला बोलते हुए लिखा, “भाजपा में जो जितना बेईमान, वो बैठा है उतनी ऊँची मचान।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा बेईमानी से चुनाव जीतती है, और हरदोई के एक भाजपा विधायक के वीडियो के साथ बयान का हवाला देते हुए कहा कि इससे भाजपा की राजनीति की सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब देखना होगा कि संबंधित विधायक पर कार्रवाई होती है,या उन्हें आगे बढ़ाया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार भाजपा की सभी राजनीतिक तिकड़मों का जवाब देगी।
तृणमूल सांसद पर हमले को लेकर भी जताई नाराजगी
एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्ज पर हुए कथित हमले की निंदा की। उन्होंने इसे गंभीर और निंदनीय घटना बताते हुए कहा कि राजनीतिक हिंसा लोकतंत्र के लिए खतरा है। सपा प्रमुख ने मामले में लोकसभा अध्यक्ष से संज्ञान लेने की मांग भी की। इससे एक दिन पहले टीएमसी के युवा सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला होने की निंदा की थी।
भाजपा सरकार की व्यवस्था हर क्षेत्र में धराशायी
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के गिरने का वीडियो साझा करते हुए प्रदेश की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार की व्यवस्था हर क्षेत्र में धराशायी हो रही है। सपा प्रमुख ने इसे प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बताते हुए सरकार को घेरा। इन बयानों के जरिए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की कार्यशैली, राजनीतिक माहौल और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार हमलावर रुख अपनाया है।
