लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर वोट चोरी कर रही है और गरीबों के वोट काट रही है। लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा “वोट बनाना, वोट बचाना, वोट डलवाने से लेकर वोट गिनने तक जनता को सतर्क रहना होगा, तभी लोकतंत्र बचेगा।
सपा के पास हर एफिडेविट के रशीद

उन्होंने दावा किया कि गलत तरीके से काटे गए 18 हजार वोटरों की सूची शपथ पत्र के साथ चुनाव आयोग को भेजी गई थी, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अखिलेश ने आरोप लगाया कि जब वोट चोरी का मुद्दा उठाया गया, तो मुख्य चुनाव आयुक्त ने एफिडेविट न मिलने की बात कही, जबकि समाजवादी पार्टी के पास हर रसीद मौजूद है।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। किसानों को खाद नहीं मिल रही, महिलाओं को लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है, और खाद घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन में बजट के ‘बंदरबांट’ और गिरती पानी की टंकियों को भ्रष्टाचार का सबूत बताया। उन्होंने कहा कि”भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया, स्कूल बंद हैं, कानून व्यवस्था चौपट है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। वृक्षारोपण के आंकड़े फर्जी हैं। भाजपा सरकार ने पूरी व्यवस्था बिगाड़ दी है।”
सपा सरकार में सुधरेगी व्यवस्था
अखिलेश ने विश्वास जताया कि जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए कटिबद्ध है और समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर ही व्यवस्था सुधरेगी। इस मौके पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, सांसद लालजी वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और पार्टी सचिव अवधेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
