सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले – नफ़रत के काँटे बहुत हुए, अब फूलों का मौसम लाना है…, राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा विवाद को लेकर उठाए सवाल
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर के कथित चढ़ावा विवाद की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किए जाने पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा का शासनकाल भ्रष्टाचार और विवादों से घिरा हुआ है।अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा का भ्रष्ट-शासनकाल दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में IIT बननी चाहिए, लेकिन SIT बन रही है।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार को शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन लगातार ऐसे मामलों के कारण प्रदेश की छवि प्रभावित हो रही है।
निष्पक्ष होनी चाहिए जांच

उन्होंने कहा कि जनता सुशासन और पारदर्शिता की अपेक्षा करती है तथा किसी भी मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा विवाद को लेकर जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और मामले की पड़ताल की जा रही है। इसी बीच अखिलेश यादव का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा और सपा के बीच इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होने की संभावना है।
‘नफ़रत के काँटे बहुत हुए, अब फूलों का मौसम लाना है’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगरा दौरे के दौरान हुए स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। वीडियो में कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर फूलों की बारिश की जाती दिखाई दे रही है। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “नफ़रत के काँटे बहुत हुए, अब तो फूलों का मौसम लाना है। प्रेम, दया और अपनापन लेकर हर गाँव-गली तक जाना है। हम सबको मिलकर अपने वतन का नया फ़साना लिखना है।” उनके इस संदेश को PDA (प्रेम, दया और अपनापन) की थीम से जोड़कर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
