गोरखपुर के जलभराव पर बोले- ‘जलनगरी’ बन गया मुख्यमंत्री का शहर, स्मार्ट सिटी के पैसे का हिसाब मांग रही है जनता…
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। गोरखपुर में जलभराव के वीडियो साझा करते हुए उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना, प्रशासनिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के अनशन स्थल से हटाए जाने की घटना, हनुमानगढ़ी विवाद और अन्य राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी भाजपा सरकार को घेरा।
स्मार्ट सिटी के पैसे का हिसाब मांग रही है जनता
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर गोरखपुर में जलभराव का वीडियो साझा कर लिखा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्मार्ट सिटी के नाम पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये का हिसाब जनता मांग रही है। उन्होंने तंज कसते हुए गोरखपुर को “जलनगरी गोरखपुर” बताया और कहा कि शहर में जलभराव से आम लोगों और व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पेयजल,दवाइयों, अस्थायी आश्रय और राहत सामग्री की तत्काल व्यवस्था की जाए। साथ ही व्यापारियों और प्रभावित परिवारों को बिना भेदभाव मुआवजा देने तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने की भी मांग की।
न्यायायिक निगरानी में किया जाए इलाज
सपा अध्यक्ष ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से हटाए जाने की घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि उनकी चिकित्सा न्यायिक निगरानी में कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से देश की लोकतांत्रिक छवि प्रभावित हुई है और घटना में शामिल लोगों की पहचान सार्वजनिक की जानी चाहिए।
सीसी से ध्यान भटकाने को हनुमानगढ़ी का भ्रामक प्रचार
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने हनुमानगढ़ी से जुड़े विवाद को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हनुमानगढ़ी को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के प्रतीकों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
भाजपा संवाद के बजाय टकराव की राजनीति कर रही है…
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा संवाद के बजाय टकराव की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, व्यापार और जनसमस्याओं पर सरकार को जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने हालिया घटनाओं को लेकर भाजपा की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
