दीपावली पर प्रदेश-देशवासियों को दी शुभकामनाएँ, कहा- त्योहार का मतलब है सौहार्द और सकारात्मकता
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दीपावली के मौके पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए त्योहारों के महत्व और सकारात्मक सोच पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली और अन्य त्योहार परस्परता और सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “किसी की माटी, किसी का दीया, किसी की बाती, किसी का तेल, किसी की मिठाई, किसी की फुलझड़ी, सबका योगदान होता है, जब आपसी सौहार्द बना रहेगा, तो ही त्योहार का वास्तविक अर्थ और खुशियाँ बनी रहेंगी।”उन्होंने चेताया कि कुछ लोग अपनी संकीर्ण राजनीति और नकारात्मक सोच के लिए त्योहारों को भी राजनीतिक हथियार बना सकते हैं। अखिलेश यादव ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहें और स्वयं के मानसिक और पारिवारिक स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अखिलेश यादव ने कहा,नकारात्मक सोच वाला व्यक्ति धीरे-धीरे हिंसक और क्रोधित होने लगता है। इसका असर न केवल उसके अपने मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है बल्कि उसके परिवार और समाजिक रिश्तों पर भी भारी पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि हर व्यक्ति सकारात्मक सोच अपनाए, स्वयं खुश रहे और दूसरों को भी खुश रहने दें। उन्होंने अंत में सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों के लिए शुभकामना देते हुए कहा कि दीपावली सभी के जीवन में खुशियाँ, स्वास्थ्य और सौहार्द लेकर आए।

सपा प्रमुख ने धनतेरस पर दीर्घायु, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने धनतेरस पर्व पर सभी देशवासियों को बधाई देते हुए सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि धनतेरस केवल आर्थिक समृद्धि का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य और खुशहाली का भी पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि इस दिन धन और स्वास्थ्य दोनों की रक्षा और पूजा की जाए। धनतेरस पर्व से पूर्व, धन संपदा के देवता कुबेर की पूजा की जाती है और लोग अपने धन और संपत्ति की रक्षा के लिए विशेष उपाय करते हैं। इस दिन भगवान धन्वंतरि का भी स्मरण किया जाता है, जिन्हें आयुर्वेद का प्रवर्तक माना जाता है। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर लोगों को याद दिलाया कि समृद्धि के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है।
