कन्नौज में सपा प्रमुख बोले – जनता चुनाव में मंत्रियों को हराकर सरकार को देगी जवाब, महंगाई, बिजली, और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कन्नौज/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा के मंत्रियों और विधायकों को हराकर सरकार को जवाब देगी।राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भी सपा प्रमुख ने भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट को ट्वीट कर निशाने पर लिया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने एसआईटी जांच को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि जांच एजेंसी को अपनी रिपोर्ट सुरक्षित रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में देरी से सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर, राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच कर रही एसआईटी टीम अयोध्या से लखनऊ लौट चुकी है। सूत्रों के अनुसार करीब 140 पन्नों की जांच रिपोर्ट तैयार की गई है। जिसमें मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट जल्द ही मुख्यमंत्री को सौंपी जा सकती है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि मामले में अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट और सरकार की समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा।
यूपी की जनता ने भाजपा के खिलाफ मतदान का बनाया मन
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न समस्याओं से लोग परेशान हैं और इसका असर चुनावी नतीजों में दिखाई देगा। अखिलेश यादव ने शिक्षा और बच्चों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में लाखों बच्चे प्रभावित हैं और उनके परिवार भाजपा के खिलाफ मतदान करने का मन बना चुके हैं। उन्होंने साधु-संतों से जुड़े मामलों में भी टिप्पणी करते हुए कहा कि संत समाज देश का सम्मानित वर्ग है और उनके मामलों में संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के स्वास्थ्य और जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास करती है। वहीं बिजली व्यवस्था पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नए मंत्री बनने के बाद भी बिजली संकट खत्म नहीं हुआ है।
डबल इंजन सरकार में टूट गए भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता लगातार सवालों के घेरे में है और भ्रष्टाचार के कारण पानी की टंकियां, पुल और अन्य परियोजनाएं समय से पहले क्षतिग्रस्त हो रही हैं। अखिलेश यादव ने कानपुर के घाटमपुर में 46 करोड़ रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज में दरारें आने के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्यों के नाम पर बजट की लूट हो रही है। उन्होंने जल जीवन मिशन में भी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई क्षेत्रों में लोगों को पानी की सुविधा नहीं मिल पाई है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
