सपा प्रमुख बोले -भाजपा सरकार की नीयत में खोट,खेत-खेती और खलिहान पूंजीपतियों को देने की सोच,जन्माष्टमी पर ब्रज को लेकर बड़ा संकल्प
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को किसान और कृषि नीतियों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीयत में कमी होने से तपस्या सफल नहीं होती और देश का किसान नीति भी जानता है और खेती भी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की सोच खेत, खेती और खलिहान को पूंजीपतियों के हवाले करने की है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ऐसे कानून क्यों बनाती है, जिन्हें जनता के विरोध के दबाव में बाद में वापस लेना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों के हित में कानून बनाती है और जनता का दबाव बढ़ने पर कदम पीछे खींच लेती है। उनके मुताबिक, यह जनता की भलाई के बजाय सरकार के डर का परिणाम होता है।
दस साल से यही सिलसिला चल रहा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों से भूमि अधिग्रहण से लेकर तीन कृषि कानूनों तक का सिलसिला इसी तरह चलता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के विरोध के बाद पुराने कानून वापस लेने के बावजूद उन्हें नए रूप में लाने की कोशिश की जाती है। अखिलेश ने भाजपा को ‘अलोकतांत्रिक’ बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार कानून बनाने से पहले आम किसान, मजदूर और जनता को विश्वास में नहीं लेती। उन्होंने कहा कि किसान देश की बुनियाद है और उसकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए।अखिलेश ने दोहराया कि ‘खेत मुस्कुराएगा तो देश मुस्कुराएगा।’
जन्माष्टमी पर अखिलेश का ब्रज विकास का संकल्प
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अखिलेश यादव ने मथुरा-वृंदावन और ब्रज क्षेत्र के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी।उन्होंने कहा कि सपा सरकार में ब्रज क्षेत्र के लिए किए गए आधारभूत कार्यों को आगे बढ़ाते हुए आगामी सपा सरकार में ‘मथुरा-वृंदावन-बरसाना-गोवर्धन’ क्षेत्र का संतुलित और विश्वस्तरीय विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास ऐसा हो, जिसमें ब्रज की धार्मिक-पौराणिक पहचान बरकरार रहे और तीर्थयात्रियों व आध्यात्मिक पर्यटकों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं मिलें। अखिलेश ने जोर दिया कि ब्रज के विकास का अर्थ ब्रजवासियों की उपेक्षा नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार, ब्रजवासियों की सहमति और सहयोग से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव है।
स्वामी रामाशरणाचार्य के निधन पर जताया शोक
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ज्योतिषाचार्य स्वामी रामाशरणाचार्य जी महाराज के पूर्णत्व को प्राप्त होने पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने उनके अनुयायियों और भक्तों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करते की।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
