गंगा एक्सप्रेसवे की दरारों पर एसपी चीफ ने कहा- बीजेपी का भ्रष्टाचार जानलेवा है, कमीशन ही भाजपा का मिशन
लखनऊ : रक्षाबंधन के मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में महिलाओं से संवाद के बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को निजी क्षेत्र को लीज पर दिए जाने के फैसले को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा सरकार नहीं दुकानदार है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों का पैसा छीनकर अमीरों की झोली भरने का काम कर रही है।

भाजपा ने जेपी बेच दिया, उनका बस चले तो बीजेपी भी बेच दें
JPNIC को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बीजेपी ने जेपी बेच दिया, उनका बस चले तो बीजेपी भी बेच दें।” उन्होंने दावा किया कि यह परियोजना जनता के टैक्स के पैसे से तैयार हुई है और सरकार को इसे निजी हाथों में देने के बजाय स्वयं पूरा कराना चाहिए था। दरअसल, उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित JPNIC के संचालन एवं रखरखाव के लिए निजी कंसोर्टियम के चयन को मंजूरी दी है। रिपोर्टों के मुताबिक चयनित बोली 831 करोड़ की है और संपत्ति का स्वामित्व LDA के पास ही रहेगा। अखिलेश यादव ने सरकार के इस फैसले की तुलना किसान बाजार से करते हुए आरोप लगाया कि “जो किसान बाजार के साथ किया, वही जेपीएनआईसी के साथ कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि समय आने पर कथित भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।
कमीशन ही भाजपा का मिशन..
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी JPNIC मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति सार्वजनिक संपत्तियों के निजीकरण की है और कहा कि “कमीशन ही भाजपा का मिशन है।”उन्होंने JPNIC के अलावा छतर मंजिल, शान-ए-अवध, लखनऊ के बस स्टैंड, जनेश्वर मिश्र पार्क के कार्यक्रम लॉन, रिवर फ्रंट के हिस्से और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल ठेके जैसे मामलों का भी उल्लेख किया। हालांकि, JPNIC को लेकर उपलब्ध सरकारी निर्णयों और रिपोर्टों के मुताबिक इसे सीधे ‘बेचा’ नहीं गया है, बल्कि निजी कंसोर्टियम को दीर्घकालीन लीज पर संचालन और रखरखाव के लिए दिया जा रहा है। यही फैसला अब भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक टकराव का नया मुद्दा बन गया है।

रक्षाबंधन पर महिलाओं से लिया संकल्प
रक्षाबंधन कार्यक्रम में महिलाओं ने अखिलेश यादव को राखी बांधी। इस दौरान सपा प्रमुख ने प्रदेश और देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि समाजवादी लोग मिलकर संकल्प लेते हैं कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनाकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की रखवाली करेंगे।अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक मजबूती समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महिलाओं को हर साल 40 हजार देने का ऐलान
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ का ऐलान किया है। सपा के सत्ता में आने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही 12वीं पास छात्राओं को लैपटॉप, छात्राओं के लिए साइकिल तथा परिवहन सुविधाओं से जुड़े वादे भी किए गए हैं। सपा के अनुसार महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और छात्राओं को मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का भी प्रस्ताव है। ये घोषणाएं 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच की गई हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे पर भी साधा निशाना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने गंगा एक्सप्रेसवे की तस्वीरें साझा करते हुए निर्माण में दरारों का आरोप लगाया और इसे भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए कहा कि “भाजपा का भ्रष्टाचार जानलेवा है।” उन्होंने सरकार से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।
भ्रष्टाचार की जांच होगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि जिन अधिकारियों पर बड़े भ्रष्टाचार के आरोप हैं, सत्ता में आने पर उनकी जांच कराई जाएगी।उन्होंने भाजपा सरकार पर सार्वजनिक संपत्तियों, किसानों और गरीबों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार निशाना साधा।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
