मनोरमा नदी सफाई अभियान की सपा प्रमुख ने की तारीफ, बोले- सपा सरकार में ‘नदी मित्र अभियान’ को देंगे रफ्तार
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को बीपी मंडल की जयंती के मौके पर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए वर्ग के अधिकारों को नुकसान पहुंचा रही है और प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार व कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और कथित भ्रष्टाचार को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और सामाजिक न्याय के साथ सभी को हक और सम्मान दिलाया जाएगा। महिला आरक्षण कानून का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे लागू किया जाना चाहिए और इसके लिए नए परिसीमन की जरूरत नहीं है।
मनोरमा नदी की सफाई अभियान को अखिलेश ने सराहा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बस्ती में मनोरमा नदी की सफाई अभियान से जुड़े समाजसेवी आकाश गुप्ता और उनके सहयोगियों से मुलाकात की। सपा के मुताबिक अभियान से जुड़े लोग पिछले 140 दिनों से अधिक समय से नदी की सफाई में जुटे हैं। अखिलेश ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नदियों को निर्मल और अविरल बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर ‘नदी मित्र अभियान’ को गति दी जाएगी।
कन्नौज के तमाम लोगों ने ली सपा की सदस्यता
कन्नौज के तिर्वा स्थित किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं जिला मंत्री शिक्षक संघ रमेश चंद्र की अगुवाई में कई लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा के अनुसार इनमें लोध समाज से जुड़े प्रमुख लोग भी शामिल हैं। अखिलेश यादव ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। सदस्यों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
जापानी दल के दौरे पर अखिलेश का तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यूपी के युवाओं की विदेशों में बढ़ती मांग और जापान से रोजगार के अवसर मिलने के बयान पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए तंज कसा। उन्होंने लिखा, “आशा है जापानी दल को ये तो बताया गया होगा कि ये सब सपा काल में शुरू हुआ था।” वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सितंबर में सपा और रालोद के कार्यक्रमों को लेकर भी सियासी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। चौधरी जयंत सिंह 3 सितंबर को सहारनपुर में ‘जनता की अदालत’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद अखिलेश यादव 6 सितंबर को सहारनपुर में ‘युवा योद्धा सम्मेलन’ और 12 सितंबर को बुलंदशहर में रैली करेंगे। सपा इन कार्यक्रमों को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रही है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
