बांदा की बिजली समस्या पर सपा प्रमुख का तंज,आरक्षण,बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर भाजपा को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था चरम पर है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता को हर स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अस्पतालों में इलाज और दवाओं की व्यवस्था प्रभावित है तथा फर्जी एनकाउंटर जैसी घटनाएं लगातार चर्चा में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और युवाओं को रोजगार देने के बजाय भर्ती परीक्षाएं पेपर लीक और अनियमितताओं की भेंट चढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में फीस वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। वहीं प्रशासनिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को मुकदमों और पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का चुनाव होगा।
बांदा की बिजली समस्या को लेकर सरकार पर निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर बांदा जिले में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के मुद्दे को उठाते हुए मुख्यमंत्री पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि “24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावों का ट्रांसफॉर्मर उड़ गया है क्या?” इसके साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
प्रवेंद्र लोधी ने थामा सपा का दामन
इस दौरान बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार प्रवेंद्र लोधी ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेने की इच्छा जताई। उन्होंने पार्टी की नीतियों के समर्थन और संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा भी दिया। सपा नेताओं ने कहा कि प्रवेंद्र लोधी की क्षेत्र में अच्छी सामाजिक पहचान है और उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
