बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई कर जिले के 16 शातिर अपराधियों की क्लास -बी हिस्ट्रीशीट खोल दी है।एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना है। पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, छिनैती,गोकशी, नशा तस्करी, दंगा और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं।
कई थानों के शातिर अपराधी पुलिस की निगरानी में

पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार थाना शाही और फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के तीन-तीन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। वहीं थाना क्योलड़िया, सुभाषनगर, मीरगंज और आंवला क्षेत्र के दो-दो अपराधी इस कार्रवाई के दायरे में आए हैं।इसके अलावा थाना बारादरी और बहेड़ी क्षेत्र के एक-एक अपराधी को भी हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। अपराध की श्रेणी के आधार पर देखें तो लूट,चोरी और छिनैती से जुड़े चार, हत्या के प्रयास से जुड़े तीन, गोकशी के तीन,मादक पदार्थ तस्करी के तीन, हत्या के दो और दंगा-बलवा से जुड़ा एक अपराधी शामिल है।
आंवला, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी और बहेड़ी के अपराधियों पर कसा शिकंजा

देहात के थाना आंवला क्षेत्र के दुर्वेश और जितेन्द्र की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। दुर्वेश के खिलाफ लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जितेन्द्र पर हत्या के प्रयास और चोरी के 12 मामले दर्ज हैं। थाना मीरगंज के नजमुद्दीन और इरफान भी इस सूची में शामिल हैं। नजमुद्दीन के खिलाफ गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं, जबकि इरफान पर गोकशी और चोरी के आठ मुकदमे हैं। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के उस्मान, असलम उर्फ पिण्डा और अकरम पर मादक पदार्थ तस्करी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बहेड़ी के तौफिक शाह पर मारपीट, गोकशी और शस्त्र अधिनियम के तहत 10 मुकदमे दर्ज होने के कारण उसकी भी हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
बारादरी, सुभाषनगर और शाही क्षेत्र के अपराधियों की बढ़ी निगरानी
शहर के थाना बारादरी के साजिद उर्फ साजिद सकलैनी के खिलाफ बलवा, दंगा, मारपीट और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के 17 मुकदमे दर्ज हैं। थाना सुभाषनगर के रिषभ ठाकुर और मनोज कुमार भी हिस्ट्रीशीटर बनाए गए हैं। रिषभ ठाकुर पर चोरी, हत्या के प्रयास और गुंडा एक्ट के आठ मामले दर्ज हैं, जबकि मनोज कुमार पर लूट के दो मुकदमे दर्ज हैं। थाना शाही क्षेत्र के एहसान खां, मुनीश और संजय उर्फ संजू उर्फ रघु के खिलाफ भी पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली है।एहसान खां पर 11, मुनीश पर 14 और संजय उर्फ संजू उर्फ रघु पर चोरी, लूट और छिनैती के 21 मुकदमे दर्ज हैं।
26 मुकदमों वाला बदमाश भी सूची में, SSP ने दिए सख्त निगरानी के निर्देश
बरेली देहात के थाना क्योलड़िया क्षेत्र के सलीम हुसैन और कलेक्टर उर्फ पहलवान उर्फ राजू भी इस सूची में शामिल हैं। सलीम हुसैन पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं, जबकि कलेक्टर उर्फ पहलवान उर्फ राजू पर चोरी, हत्या, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत 26 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जो इस सूची में सबसे अधिक हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इन हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। पुलिस का मानना है कि इस कदम से अपराधियों में भय पैदा होगा और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
