सपा प्रमुख बोले- गठबंधन को और ताकतवर बनाने का हुआ फैसला, अयोध्या, सनातन और एक्सप्रेसवे पर सरकार को घेरा
सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का भी उठाया मुद्दा, बोले- लोगों ने गैस सिलेंडर को चूल्हा बना दिया, महंगाई को लेकर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी के बाद शायद पहली बार ऐसा हुआ है जब पेट्रोल और डीजल इतनी ऊंची कीमतों पर बिके हों। अखिलेश यादव ने कहा, “आजादी के बाद इतना महंगा डीजल-पेट्रोल कभी नहीं बिका होगा। लोगों ने सिलेंडर को चूल्हा बना दिया, यह भी आजादी के बाद पहली बार हुआ होगा।” उनके इस बयान को महंगाई और आम जनता की आर्थिक परेशानियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
रोजमर्रा की चीजें महंगी
सपा प्रमुख का कहना है कि बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। पेट्रोल और डीजल महंगे होने से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसका प्रभाव रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट लगातार बिगड़ रहा है।अखिलेश यादव ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर महंगा होने के कारण कई परिवारों ने उसका उपयोग कम कर दिया है और कुछ लोग मजबूरी में पारंपरिक चूल्हों की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने इसे आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ का संकेत बताया।
अखिलेश बोले- गठबंधन को और ताकतवर बनाने का हुआ फैसला
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा है कि INDIA गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं के बीच यह सहमति बनी है कि गठबंधन को और अधिक मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे।
अयोध्या, सनातन और एक्सप्रेसवे पर सरकार को घेरा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने अयोध्या मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर कहा कि यदि निगरानी व्यवस्था प्रभावी होती तो शिकायत की नौबत नहीं आती। वहीं सरकार पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने, गलत आंकड़े पेश करने और लोगों को फंसाने का आरोप भी लगाया। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने भूमि खरीद -बिक्री के मुद्दे का जिक्र किया। सनातन धर्म पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि सनातन प्रेम, सत्य और भाईचारे का संदेश देता है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए उसके रखरखाव को लेकर सरकार को घेरा।
ट्रेन की खिड़कियों से चढ़ते अभ्यर्थियों का वीडियो शेयर कर सरकार पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्रेन के कोच की खिड़कियों से चढ़ते अभ्यर्थियों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “युवाओं के लिए परीक्षा देना भी एक परीक्षा बन गया है। देश की इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह ज़िम्मेदार है।” अखिलेश यादव ने भर्ती परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानियों को मुद्दा बनाते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर तीखे सवाल
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार और संबंधित पक्षों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में लगातार विरोधाभासी जानकारियां सामने आ रही हैं, जिससे सनातन समाज के बीच आशंकाएं बढ़ी हैं। अखिलेश यादव ने चढ़ावे के कथित गड़बड़ी मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और जिम्मेदार लोगों की पहचान उजागर करने की मांग की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मामले में कार्रवाई और आधिकारिक स्पष्टता क्यों नहीं दिखाई दे रही है।
नंदी के इस्तीफे पर अखिलेश का तंज, बोले- ‘हाफ हुए हैं, टिकट नहीं मिला तो साफ हो जाएंगे’
उन्होंने मंत्री नंद गोपाल नंदी के इस्तीफे की खबरों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बड़े पैमाने पर उम्मीदवार बदलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष की जीत वाले क्षेत्रों में भाजपा अपने विधायकों और संभावित प्रत्याशियों को बदल सकती है। सपा प्रमुख ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि जनता में सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।
