वोट बचाओ-संविधान बचाओ पदयात्रा घोषित, AAP का मिशन तेज
बरेली : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को बरेली पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश में चल रही SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए। संजय सिंह ने कहा कि इस प्रक्रिया के जरिए प्रदेश में करोड़ों वोट खतरे में डाल दिए गए हैं, और कई जिलों में सुनियोजित तरीके से वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में नाम हटाए जा रहे हैं।
“एक-एक विधानसभा में 70 हज़ार वोट काटे जा रहे”: संजय सिंह
सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि SIR के नाम पर कई विधानसभा क्षेत्रों में 70-70 हज़ार वोट काटने की कोशिश की जा रही है। ठीक वैसे ही जैसे बिहार में 80 लाख वोट हटाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ टेक्निकल प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है।
लखनऊ और जौनपुर के दिए उदाहरण
संजय सिंह ने कहा कि लखनऊ में मेयर खुद सड़क पर उतरकर वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों को ठीक करने में लगी हैं। जौनपुर में 20 साल से रह रहे लोगों को अचानक “ईरानी”, “बांग्लादेशी” बताकर अन-ट्रेसेबल लिस्ट में डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक बार नाम हट जाने के बाद वोट दोबारा बनवाना बेहद मुश्किल हो जाता है और करोड़ों नागरिक इस संकट से गुजर सकते हैं।
AAP का घोषणा-“वोट बचाओ- संविधान बचाओ पदयात्रा”
संजय सिंह ने बताया कि 21 से 26 दिसंबर तक AAP ‘वोट बचाओ- संविधान बचाओ पदयात्रा’ का दूसरा चरण शुरू करेगी। 11 दिसंबर को SIR पर बड़ा खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वोट की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।
“एक बाबा के जरिए नकली बहस चल रही, मुद्दा भटकाया जा रहा”: संजय सिंह
संजय सिंह ने बिना नाम लिए कहा कि सरकार संविधान से ध्यान हटाने के लिए एक बाबा को आगे कर
Hindu Rashtra जैसे मुद्दों पर बहस करा रही है। उन्होंने कहा कि यह सब डॉ. आंबेडकर के संविधान के खिलाफ है।
बुलडोज़र का मुद्दा भी गरमाया
संजय सिंह ने यूपी सरकार पर आरोप लगाया कि बुलडोज़र को मुसलमानों के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है,और इसे राजनीतिक लाभ के लिए हथियार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि“यह देश कानून से चलता है, बुलडोज़र से नहीं।”संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि AAP 11 दिसंबर के बाद SIR के खिलाफ तेज विरोध-प्रदर्शन शुरू करेगी और किसी भी कीमत पर इस प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ने देगी।
