बरेली: घने कोहरे के बीच बरेली में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिठौरा इलाके में राजश्री पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर एक ट्रक ने ई-रिक्शा को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि ई-रिक्शा पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
काम पर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार नवाबगंज क्षेत्र के यासीननगर निवासी हाशिम अपने ई-रिक्शा से भोजीपुरा क्षेत्र के गांव लाडपुर काम पर जा रहे थे। उनके साथ रिछोला निवासी सलीम, नसरुद्दीन और रहीसद्दीन उर्फ मंझले सवार थे। सभी लोग बोरिंग का काम करते थे। जब ई-रिक्शा राजश्री पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी एक ट्रक चालक हाईवे पर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा को ट्रक ने चपेट में ले लिया।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद चालक ने ट्रक नहीं रोका, जिससे ई-रिक्शा ट्रक के नीचे घिसटता चला गया। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
जेसीबी से हटाया गया ट्रक, शव निकाले गए बाहर
सूचना मिलते ही रिठौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को जेसीबी की मदद से हटवाया गया, तब जाकर ई-रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका। हादसे में ई-रिक्शा चालक और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल पाए गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया।
परिजनों में मचा कोहराम
मौत की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शवों को देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा है और सुबह के समय कोहरा भी काफी घना था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। स्थानीय पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
