बरेली: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। सेटेलाइट क्षेत्र से लेकर बड़ा बाइपास तक करीब 10 लेन चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 130 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण का काम बैरियर दो से शुरू भी कर दिया गया है और इसे मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है।
आठ लेन की जगह अब 10 लेन सड़क
पहले इस मार्ग को आठ लेन तक सीमित रखने की योजना थी, लेकिन लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बीडीए ने डिजाइन में बदलाव किया। अब सड़क के दोनों ओर पांच-पांच लेन होंगी, जिससे भारी वाहनों और रोजमर्रा के यातायात को अलग-अलग स्पेस मिलेगा और जाम की समस्या में कमी आएगी।
10 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचने का दावा
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, सेटेलाइट से एयरपोर्ट की दूरी लगभग 10 किलोमीटर और बड़ा बाइपास करीब 12 किलोमीटर दूर है। सड़क के चौड़ीकरण के बाद यह दूरी महज 10 मिनट में तय किए जाने का दावा किया जा रहा है। इससे शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सर्विस रोड, ड्रेनेज और अंडरग्राउंड केबलिंग
मुख्य मार्ग के दोनों ओर सर्विस रोड बनाई जाएगी, ताकि स्थानीय ट्रैफिक बाधित न हो। इसके साथ ही सड़क किनारे सीसी इंटरलॉकिंग और आरसीसी ड्रेन का निर्माण होगा। इन ड्रेनों में बिजली और संचार सेवाओं की केबल भूमिगत डाली जाएंगी, जिससे सड़क की सुंदरता और सुरक्षा दोनों बनी रहे।
चौराहों पर अंडरपास और ओवरब्रिज
यातायात को निर्बाध रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इससे सिग्नल पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सफर अधिक तेज़ व सुरक्षित होगा। बीडीए की योजना के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण से पहले दोनों ओर मौजूद अतिक्रमण हटाया जाएगा। फिलहाल इस हिस्से में सड़क संकरी होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सेटेलाइट से बैरियर दो तक के हिस्से के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी किया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
