टोल बूथ पर सावधानी बरतने की नसीहत देने पर भड़के बोलेरो सवार, आंख के पास गंभीर चोट, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आरोपी बोलेरो चालक और साथी की तलाश में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली जनपद के बहेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडिया टोल प्लाज़ा पर मंगलवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बोलेरो पिकअप सवार दबंगों ने एक बैंक कर्मी पर अचानक हमला कर दिया। टोल बूथ पर वाहन सावधानी से चलाने की बात कहना बैंक कर्मी को भारी पड़ गया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौच की, फिर मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
जानें पूरा मामला
बहेड़ी के जाट फार्म डंडिया निवासी अवनीश, जो एक बैंक कर्मचारी हैं, बिलासपुर से बैंक का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में मुंडिया टोल प्लाज़ा पर पहुंचने पर बोलेरो पिकअप का चालक टोल बूथ के अंदर जबरन घुसने की कोशिश करने लगा। अवनीश ने चालक को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी। जिस पर बोलेरो सवार भड़क गए। पीड़ित के अनुसार, बोलेरो चालक ने उसे अपशब्द कहे और फिर मारपीट शुरू कर दी।
चोट और धमकी
हमले में अवनीश की बाई आंख के पास गंभीर चोट आई है। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से अवनीश किसी तरह बच पाए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित अवनीश खेतल ने थाना बहेड़ी पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। साथ ही टोल प्लाज़ा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के पूरे क्रम की पुष्टि की जा सके।
