बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने मंगलवार को एक बार फिर अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाकर पीलीभीत रोड पर स्थित पांच अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। प्रवर्तन टीम ने ये कार्यवाही नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के अंतर्गत की। इसमें लगभग 32 बीघा भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
बड़ा बाईपास की कालोनियों पर गरजा बुल्डोजर

बीडीए के अफसरों के मुताबिक यह सभी कालोनियां ग्राम पंचायत खजुरिया जुल्फिकार के अंतर्गत आती हैं। टीम ने अर्जुन की लगभग 08 बीघा भूमि पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जिसमें सड़कों और भूखंडों का चिन्हांकन चल रहा था। इसके बाद छोटे लाल गंगवार की तीन अलग-अलग अवैध कॉलोनियों में विकास किया जा रहा था। यह करीब 06 बीघा, 05 बीघा और 03 बीघा था। इसको भी ध्वस्त किया गया था। सलमान ने लगभग 10 बीघा भूमि पर सीसी रोड, नाली और भूखंडों का विकास कराया जा रहा था।
प्रवर्तन टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस बड़ी कार्रवाई में बरेली विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता बौधमणि गौतम, अजीत कुमार साहनी और सीताराम के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने सशस्त्र बलों की सहायता से कार्यवाही को अंजाम दिया। पांचों कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
जनता को चेतावनी और सुझाव

बरेली विकास प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संपत्ति को खरीदने से पहले विक्रेता से मानचित्र स्वीकृति संबंधी वैध दस्तावेज अवश्य जांचें। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि संपत्ति प्राधिकरण से विधिवत अनुमोदित और वैध हो। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अनाधिकृत विकासकर्ताओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
