इंडिया गठबंधन को बताया मजबूत, लोकसभा की जीत का सिलसिला कायम रखने का आह्वान
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर स्पष्ट कहा कि “यूपी में भाजपा की 400 बीसी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अब तक के चुनावों में वोटर लिस्ट में धांधली, वोट कटवाना, वोट डिलीट कराना और अधिकारियों की मनमानी पोस्टिंग जैसे कई हथकंडे अपनाए हैं। लेकिन अब जनता इन सबको पहचान चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को पराजित कर समाजवादी पार्टी आगे बढ़ेगी, और यही सिलसिला विधानसभा में भी जारी रहेगा।
INDIA गठबंधन को बताया मजबूत विकल्प

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में INDIA गठबंधन पूरी तरह मजबूत है, और समाजवादी पार्टी इसका सबसे बड़ा घटक दल है। गठबंधन के सिद्धांत पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि “जिस राज्य में जो दल मजबूत होगा। वहां उसी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।”
विकास के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा की विकास योजनाओं की पोल खोलते हुए कहा कि भाजपा सपनों में एक्सप्रेस-वे बनाती है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में लखनऊ, कानपुर, आगरा और नोएडा मेट्रो की शुरुआत हुई, जबकि भाजपा सरकार में एक इंच भी प्रगति नहीं हुई। उन्होंने बताया कि निवेली लिग्नाइट पावर प्लांट और कानपुर मेट्रो जैसी योजनाएं समाजवादी सरकार की देन थीं। मगर, इनका उद्घाटन बाद में भाजपा सरकार ने किया।
भ्रष्टाचार और निजी निवेश पर सरकार को घेरा
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। निवेश पर मिलने वाले इंसेंटिव में भी कमीशनखोरी हो रही है और इसके कारण एक अधिकारी लापता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न सरकारी निवेश आ रहा है और न ही निजी निवेश।
कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल
उन्होंने सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमले को लेकर कहा कि भाजपा की जीरो टॉलरेंस नीति सिर्फ दिखावा है। दलितों और पीड़ित वर्ग के साथ न्याय नहीं हो रहा है। उन्होंने इसे पीडीए (पीड़ित, दुःखी, अपमानित) के खिलाफ खुला अन्याय बताया।
शिक्षा, कृषि और सामाजिक न्याय पर चिंता
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शिक्षा के निजीकरण, नियुक्तियों में हस्तक्षेप और कृषि क्षेत्र की अनदेखी पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि खाद में कटौती, बीज व कीटनाशकों की महंगाई, और मंडियों के काम को रोकना किसानों के हित में नहीं है। उन्होंने सरकार को उद्योगपतियों का हितैषी बताते हुए “पकौड़ा और भगौड़ा” को भाजपा की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
आतंकी घटनाओं पर सवाल
हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर सपा प्रमुख ने सुरक्षा चूक और इंटेलिजेंस फेलियर का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि “नोटबंदी से आतंकवाद खत्म होने का दावा किया गया था, लेकिन आज भी घटनाएं हो रही हैं।”
