अलीगढ़ के बाद अब Gonda से सास-दामाद फरार, पीड़ित पति ने दर्ज कराई गुमशुदगी
लखनऊ/ गोंडा/बस्ती : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद अजीबोगरीब और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां भी अलीगढ़ की तरह एक महिला अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई। मामला सामने आने के बाद परिजनों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बन गई। पीड़ित पति ने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जबकि फरार दंपती ने बस्ती जिले के दुबौलिया थाने पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगा बैठे।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर शुरू की तलाश
गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 27 अप्रैल को पुलिस को तहरीर दी कि उसकी 44 वर्षीय पत्नी अचानक लापता हो गई है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। ऐसे में पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दुबौलिया थाने पहुंचे सास-दामाद
मंगलवार को बस्ती जिले के दुबौलिया थाने में जब एक महिला एक युवक के साथ पहुंची और पुलिस से मदद की मांग की, तो उनकी बात सुनकर एक समय के लिए पुलिस भी सन्न रह गई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह युवक उसके होने वाले दामाद थे और वह 25 अप्रैल को उसके साथ अपनी मर्जी से घर छोड़कर आ गई थी।
थाने में मचा हड़कंप
दुबौलिया थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने तुरंत खोड़ारे पुलिस को सूचित किया। इसके बाद गोंडा पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपने कृत्य पर पछतावा जताया और अब वह अपने पति के साथ वापस रहने के लिए तैयार हो गई है।
टूटा रिश्ता, जुड़ गया दूसरा!
खास बात यह है कि जिस युवक के साथ महिला भागी थी। उसका रिश्ता पहले महिला की बेटी से तय किया गया था, लेकिन बाद में किसी कारणवश रिश्ता टूट गया। अब वही युवक महिला के साथ संबंध में आ गया। जिससे मामला और भी ज्यादा पेचीदा हो गया।
जानें पुलिस ने क्या कहा
खोड़ारे थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि दोनों को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। महिला ने अब अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई है और मामले में फिलहाल किसी कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ी है।
