बरेली: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शील चौक पर दो युवकों द्वारा युवती से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी सहेली के साथ बुधवार की रात करीब 10 बजे शील चौक पर डोसा खाने गई थी। दिवाली के कारण वहां भीड़ थी। पीड़िता ने बताया कि वे दोनों अक्सर वहीं डोसा खाती हैं और दुकानदार उन्हें पहचानता है। उस समय दिनेश गुप्ता अपने दोस्त रोहित कक्कड़ के साथ वहीं मौजूद था। भीड़ के कारण पीड़िता ने दिनेश से टिशू मांगा और भुगतान कर वहां से निकल गई।
आरोपियों ने युवतियों का पीछा किया और धमकी दी
थोड़ी देर बाद दोनों आरोपी बुलेट से उनके पास आए और बोले कि “आपने 80 रुपये की जगह 90 रुपये का पेमेंट कर दिया।” युवतियों ने बात को नज़रअंदाज़ कर आगे बढ़ना चाहा, लेकिन दोनों आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और पीड़िता से मोबाइल नंबर मांगा। जब उसने मना किया तो दिनेश ने कहा कि “फिर आप मेरा नंबर ले लो।” पीड़िता ने पुनः मना किया और दोनों सहेलियाँ आगे बढ़ गईं। बाद में बुधवार रात जब दोनों शील चौक के पास जनता मेडिकल से निकल रही थीं, तो आरोपियों ने फिर पीछा किया। पीड़िता ने पीछा करने की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली और सिलेक्शन पॉइंट पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों — दिनेश गुप्ता और रोहित कक्कड़ — को पकड़ लिया। आरोप है कि पकड़ते समय भी दिनेश युवतियों को धमकी दे रहा था कि “अब यह बात बहुत आगे जाएगी।” पीड़िता ने आशंका जताई कि आरोपी उन्हें नुकसान पहुँचा सकते हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रेमनगर, बरेली ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। मामले की जांच अभी चल रही है।
