मेरठ। तेजगढ़ी स्थित होटल में व्यापारी के साथ हुए अपमानजनक व्यवहार के मामले में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने विकुल चपराणा को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही इस मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
होटल में व्यापारी के साथ अभद्रता, वीडियो वायरल
मंगलवार को तेजगढ़ी क्षेत्र के एक होटल में चार युवक खाना खा रहे थे। पार्किंग को लेकर विकुल चपराणा और उसके समर्थकों के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला बढ़ा तो युवकों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
आरोप है कि व्यापारी सत्यम रस्तोगी से जमीन पर नाक रगड़वाई गई, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। इस दौरान विकुल खुद को ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर का भाई बताकर धमकाता रहा और हंगामा करता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जनता और विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
पुलिस ने की कार्रवाई, विकुल गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने कीर्ति पैलेस चौकी प्रभारी गौरव सिंह, हेड कांस्टेबल चेतन, और कांस्टेबल बृजेश को लाइन हाजिर कर दिया। मेडिकल थाना पुलिस ने विकुल चपराणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद विकुल को जमानत मिल गई।
भाजपा ने किया पद से निष्कासन
बुधवार को भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने पत्र जारी कर कहा कि,
“विकुल चपराणा की मानसिकता और कृत्य भाजपा की विचारधारा के विपरीत हैं। ऐसे व्यक्ति को संगठन में कोई स्थान नहीं दिया जा सकता।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह भी किया।
मंत्री सोमेंद्र तोमर ने दी सफाई
ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा,
“योगी सरकार में किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद जो भी दोषी होगा, उसे सजा जरूर मिलेगी। भाजपा एक बड़ी पार्टी है, समर्थक बहुत हैं, लेकिन कानून से ऊपर कोई नहीं।”
विपक्ष ने की रासुका लगाने की मांग
घटना के विरोध में मुखिया गुर्जर और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि विकुल चपराणा पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई की जाए। मुखिया गुर्जर ने चेतावनी दी कि अगर आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में “गुंडागर्दी” बढ़ती जा रही है और अब व्यापारी भी सुरक्षित नहीं हैं।
पुलिस की जांच जारी
वर्तमान में पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
