तिरुवनंतपुरम : केरल के पथनमथिट्टा जिले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। सबरीमाला यात्रा के दौरान बुधवार सुबह उनका वायु सेना का हेलीकॉप्टर प्रमदम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में नए बनाए गए हेलीपैड पर उतरते समय गड्ढे में धंस गया। यह घटना उस वक्त हुई जब राष्ट्रपति मुर्मू चार दिवसीय दक्षिण भारत के आधिकारिक दौरे पर थीं और सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए स्थान आखिरी समय में बदला गया था। पहले हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पंबा के पास निलक्कल में होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे प्रमदम में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात ही वहां नया कंक्रीट हेलीपैड तैयार किया गया था, जो पूरी तरह सूख नहीं पाया था। जैसे ही राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर वहां उतरा, भारी वजन के कारण हेलीपैड का फर्श धंस गया और हेलीकॉप्टर के पहिए गड्ढे में फंस गए।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित रहीं। लैंडिंग के बाद राष्ट्रपति मुर्मू का काफिला सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हो गया। राष्ट्रपति के रवाना होने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने हेलीकॉप्टर के पहिए निकालने के लिए मौके पर राहत कार्य शुरू किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हेलीपैड की मजबूती जांचने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला था, क्योंकि इसे रातों-रात तैयार किया गया था। अधिकारी ने यह भी स्वीकार किया कि कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था, जिसके चलते वह हेलीकॉप्टर का वजन सहन नहीं कर सका।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं। राष्ट्रपति स्तर की यात्रा में ऐसी चूक को गंभीर माना जा रहा है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और वायु सेना ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार शाम अपने चार दिवसीय दक्षिण भारत दौरे के तहत तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। बुधवार को उन्होंने पथनमथिट्टा जिले से सबरीमाला मंदिर में दर्शन करने के लिए रवाना होना था, लेकिन प्रमदम में हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी।
