बरेली/बदायूं/पीलीभीत : दिवाली की खुशियां अभी ठंडी भी नहीं हुई थीं कि पश्चिमी यूपी में लगातार तीन रहस्यमयी मौतों ने प्रदेश को हिला दिया है। कहीं खेत में किसान का शव मिला, कहीं नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने प्रेम विवाह पर सवाल खड़े कर दिए, तो कहीं गेहूं पिसवाने निकले युवक का शव नाले में पड़ा मिला। तीनों मामलों में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है। मंगलवार सुबह गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में एक किसान का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतक की पहचान राम प्रकाश (60 वर्ष) के रूप में हुई। परिवार ने बताया कि वह दिवाली पूजा के बाद रोज की तरह खेत की रखवाली करने गए थे और सुबह तक वापस नहीं लौटे, ग्रामीणों ने जब खेत में शव देखा तो गांव में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जांच में सिर पर भारी वस्तु से वार की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि हत्या की वजह और आरोपी की तलाश में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। गांव में मातम और दहशत का माहौल है, ग्रामीणों ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रेम विवाह के 18 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
प्रेम विवाह के कुछ ही दिनों बाद 20 वर्षीय आरती की रहस्यमयी मौत से गांव में सनसनी फैल गई है। आरती ने 2 अक्टूबर को गांव के ही सतीश कुमार से प्रेम विवाह किया था। उसकी अचानक उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने कहा कि आरती घर की सफाई के दौरान बिजली के तार की चपेट में आ गई, लेकिन मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता नेमचंद्र ने तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई सुभाष मावी ने बताया कि रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। गांव में लोग सवाल उठा रहे हैं “क्या ये महज हादसा था या प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम?”
घर से गेहूं पिसवाने निकले युवक का नाले में मिला शव
मंगलवार को गांव के नाले में वृंदावन (30 वर्ष) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वह सोमवार शाम गेहूं पिसवाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह ग्रामीणों ने उसका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव और प्रदर्शन किया। इस दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिस एक युवक को खींचती हुई दिख रही है। थाना प्रभारी प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाई जाएगी।”
