प्रयागराज : मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक वारदात में रोडवेज ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। नीमसराय गांव निवासी रावेंद्र कुमार उर्फ मुन्नू (40) सोमवार को मुंडेरा चुंगी स्थित पेट्रोल पंप के पास गए थे, जहां कुछ लोगों से विवाद हो गया। बात बढ़ी तो पांच हमलावरों ने उन पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। एक ईंट रावेंद्र के सिर पर लगते ही वह मौके पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। करीब एक हजार लोग शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। प्रयागराज–कानपुर हाईवे पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गुस्साए लोगों ने सड़कों पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और एक “भारत सरकार” लिखी कार पर पथराव कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि डीएम और एसएसपी मौके पर आएं और आरोपियों की गिरफ्तारी हो। तीन घंटे तक हंगामा जारी रहा। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने PAC बुलाकर स्थिति संभाली।
आखिरकार प्रशासन ने परिवार की तीन मांगें मानीं—
आरोपियों की गिरफ्तारी और जेल भेजने की कार्रवाई,
परिजनों को सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस,
परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन।
इन मांगों के पूरे होने के बाद ग्रामीणों ने शव को पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज की जाएगी। घटना के बाद धूमनगंज इलाके में तनाव फैल गया है। बाजारों के शटर बंद कर दिए गए। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और हमलावरों की तलाश जारी है।
