गोमती सफाई का ढोंग! भाजपा सरकार बजट साफ कर रही, नदियां नहीं
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की जमीन और फसल की लूट कर रही है। 9 साल में भाजपा के लोग जमींनों पर कब्जा कर बड़े-बड़े बिजनेस घरानों को रियल एस्टेट का फायदा पहुँचा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के लिए डिजिटल प्लेटफार्म केवल धोखा साबित हुए हैं। खाद नहीं मिल रही, गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा और कृषि मंत्री को खाद की आपूर्ति की जानकारी नहीं है।

समाजवादी सरकार और भाजपा सरकार की तुलना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में किसानों के हित में सबसे ज्यादा फैसले किए गए थे। मंडियों को आधुनिक बनाया गया, सिंचाई माफ की गई, बिजली और खाद आसानी से उपलब्ध थी। कीटनाशक और दवाइयां सस्ती थीं, डीजल सस्ता था और बुनकरों को सुविधाएं दी गई थीं। उन्होंने भाजपा सरकार को किसानों के प्रति संवेदनहीन बताया।

नदियों की सफाई पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार गोमती और वरुणा नदियों की सफाई नहीं कर रही, जबकि समाजवादी सरकार ने इसके लिए मॉडल तैयार किया था। भाजपा सरकार बजट लूटने और भ्रष्टाचार करने में लगी है।

महंगाई और भ्रष्टाचार पर तंज
अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई चरम पर है और सोने की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच चुकी है। गरीब लोग अब शादियों में भी परेशान हैं। उन्होंने बिजली व्यवस्था में प्री-पेड मीटर और बढ़ते बिलों पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

कानून व्यवस्था और फर्जी एनकाउंटर्स
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था केवल एनकाउंटर्स से ठीक नहीं होती। कानपुर, जौनपुर और अन्य जिलों में फर्जी एनकाउंटर्स और पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। जनता पुलिस से डर रही है और सरकार पुलिस को राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल कर रही है। प्रदेश में जंगली जानवरों और सांड के हमले की घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाया। अलीगढ़ और लखनऊ में सांड के हमलों में लोगों की जान गई और सरकार ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

भविष्य की योजना और सैंथवार समाज
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर मोहम्मद आजम खां पर लगे मुकदमे और पत्रकारों पर झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने सैंथवार समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार में उन्हें न्याय और राजनीतिक भागीदारी मिलेगी।

गरीबों के साथ किया धोखा
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से सच्चाई छुपाती है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में गरीबों के साथ धोखा किया गया और किसानों को छल का सामना करना पड़ा। भाजपा स्वदेशी का नारा देती है, लेकिन अपने कर्मों में विदेशी हितों के पक्ष में काम कर रही है। भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और जनता की संपत्ति की लूट से मुक्ति पाने के लिए प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है। उनका कहना है कि 2027 में भाजपा की विदाई तय है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

विवेक कश्यप के पिता के निधन पर जताया दुख
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने PTI के वरिष्ठ पत्रकार विवेक कश्यप के पिता विष्णु कश्यप के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
