लखनऊ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 का परिणाम शुक्रवार (आज) घोषित कर दिया गया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। ऐसे सभी विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं जिन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। आने वाले समय में वे देश और समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।”
असफल छात्रों को दिया प्रेरणा का संदेश
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन छात्र-छात्राओं को भी संबोधित किया जो इस बार की परीक्षा में सफल नहीं हो सके। उन्होंने उन्हें निराश न होने और दोबारा प्रयास करने का संदेश देते हुए कहा, “हार से घबराना नहीं चाहिए। जीवन में हर असफलता, सफलता की दिशा में एक कदम होती है। पुनः प्रयास करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी।”शिक्षा प्रणाली की मजबूती और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय शुरू की गई योजनाएं,जैसे मुफ्त लैपटॉप वितरण, गुणवत्तापूर्ण स्कूल बिल्डिंग्स, और छात्रवृत्ति योजनाएं छात्रों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हुई थीं।
समाजवादी पार्टी का फोकस युवा और शिक्षा
समाजवादी पार्टी लगातार शिक्षा, युवाओं और रोजगार को प्राथमिकता देती रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि हर बच्चा अपने सपनों को साकार कर सके।
