वाराणसी की पिण्डरा विधानसभा के मरूई गांव में स्कूल प्रबंधक और पुत्र पर है हत्या का आरोप
लखनऊ/वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां की पिण्डरा विधानसभा क्षेत्र के मरूई गांव निवासी 12वीं के छात्र हेमंत पटेल की स्कूल प्रबंधक और उसके पुत्र द्वारा गोली मारकर हत्या का आरोप है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। जिसके चलते समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर, पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल कल यानी 26 अप्रैल, 2025 को वाराणसी जाएगा और मृतक छात्र के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेगा।
नेता प्रतिपक्ष समेत प्रमुख नेता शामिल
सपा के प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, सांसद वीरेन्द्र सिंह, सांसद प्रिया सरोज, सदस्य विधान परिषद आशुतोष सिन्हा, विधायक पंकज पटेल, वाराणसी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’, प्रदेश अध्यक्ष महिला सभा रीबू श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार सभा प्रदीप जायसवाल, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश महासचिव ऋतेश सिंह पटेल, रामा ऊदल पटेल, डॉ. राम बालक पटेल, मनोज यादव आदि शामिल होंगे।
दबंगई और हत्या का आरोप, न्याय की मांग
छात्र हेमंत पटेल की हत्या को लेकर स्कूल प्रबंधक और उनके दबंग पुत्र पर अपने कक्ष में बुलाकर गोली मारने का आरोप है। इससे छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के पीछे के कारणों की अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर आक्रोश और भय का माहौल है।
घटना पर जताया अफसोस
इस तरह की घटना “शिक्षा संस्थानों में बढ़ती अराजकता और सत्ता संरक्षित दबंगई” का परिणाम है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संवेदना व्यक्त की है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। पार्टी का कहना है कि समाजवादी पार्टी शोकसंतप्त परिवार के साथ खड़ी है और सरकार से निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग करती है।
