अलीगढ़: बाइक शोरूम कारोबारी अभिषेक गुप्ता की हत्या को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक मुख्य आरोपी महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडेय तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने पूजा के पति अशोक पांडेय और दोनों शूटर फजल और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है, मगर पूजा अब भी फरार है।
इस बीच, मृतक अभिषेक गुप्ता के पिता नीरज गुप्ता ने पुलिस को 6 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पूजा शकुन पांडेय को उस तारीख तक गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे परिवार सहित एसएसपी ऑफिस के बाहर आत्मदाह के लिए मजबूर होंगे।
नीरज गुप्ता ने कहा कि पूजा जब तक गिरफ्तार नहीं होती, तब तक उनका परिवार हत्या के खतरे में है। उन्होंने कहा कि हमें पुलिस पर भरोसा है, लेकिन गिरफ्तारी में हो रही देरी से हम बेहद चिंतित हैं। यह भी संभव है कि पूजा किसी राजनीतिक संरक्षण में हो, क्योंकि कई मंत्री और विधायक उसके पैर छूते थे। संभव है कि वह उनमें से किसी के घर में छिपी हो।”
परिवार को मिली सुरक्षा
हत्या के बाद से दहशत में रह रहे परिवार को एसएसपी नीरज जादौन ने सुरक्षा गनर उपलब्ध कराया है। जब भी परिवार अलीगढ़ या खैर में रहेगा, उनके साथ सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी।
हत्या की साजिश और सुपारी का खुलासा
26 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे खेरेश्वर चौराहे पर अभिषेक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि पूजा शकुन पांडेय ने जुलाई माह में ही फजल और आसिफ को तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी — जिसमें एक लाख रुपये एडवांस दिए गए थे और दो लाख रुपये हत्या के बाद देने तय हुए थे।
पुलिस पूछताछ में शूटरों ने बताया कि पूजा लगातार हत्या जल्द करने का दबाव बना रही थी। वह बार-बार फोन करके जानकारी लेती रहती थी। 26 सितंबर को दोनों शूटरों ने पूजा को संदेश दिया था कि “आज ही काम हो जाएगा” और उसी रात अभिषेक की हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद पूजा शकुन पांडेय और उसका पति अशोक मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे, जहां अभिषेक को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पूजा अपने घर से फरार हो गई।
पुलिस जांच जारी
पुलिस टीम लगातार पूजा शकुन पांडेय की तलाश में उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
