लखनऊ : भाजपा अब खेल के मैदान से युवाओं को जोड़ने की तैयारी में है। केंद्र सरकार का खेल मंत्रालय जहां खिलाड़ियों को मंच देने के लिए सांसद खेल महोत्सव आयोजित कर रहा है, वहीं पार्टी इसे युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने के बड़े अवसर के रूप में देख रही है।
इस महोत्सव में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स और पारंपरिक ग्रामीण खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर से शुरू होकर लोकसभा स्तर तक होगा। यह पूरा अभियान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक जारी रहेगा।
ऑनलाइन से ऑफलाइन तक रजिस्ट्रेशन
हालांकि खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत 21 सितंबर को होनी थी और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 20 सितंबर तक पूरे करने थे, लेकिन ग्रामीण इलाकों में तकनीकी दिक्कतों के कारण अब ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी किए जा रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल के अनुसार, प्रतियोगिताएं पहले ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर, फिर मंडल, विधानसभा, जिला और लोकसभा स्तर तक होंगी। इसके बाद देशभर के विजेताओं के बीच राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
विविध खेलों का आयोजन
प्रतियोगिता में शामिल होंगे –
क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, 100 व 400 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कुश्ती, योग, शतरंज, कलारियपट्टू और मलखंभ जैसे खेल।
विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देने के साथ-साथ उन्हें कोचिंग और खेलो इंडिया जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर भी दिए जाएंगे।
पार्टी का छिपा ‘गेम प्लान’
इस आयोजन का समन्वय खेल मंत्रालय और स्थानीय सांसदों के जिम्मे होगा, जबकि भाजपा संगठन, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मैदान में सक्रिय रहेंगे। पार्टी की रणनीति है कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण युवाओं से संपर्क और संवाद बढ़ाया जाए।
कार्यक्रम के जरिए पार्टी न केवल छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानने की कोशिश कर रही है, बल्कि यह भी चाहती है कि युवा वर्ग उसकी विचारधारा से जुड़ाव महसूस करे। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, आयोजकों और ग्रामीणों से मुलाकात के ज़रिए संगठनात्मक पहुंच मजबूत करने की भी योजना है।
साफ है कि भाजपा इस खेल महोत्सव के जरिए युवाओं के दिल जीतने और मैदान से संगठन को मजबूत करने की दोहरी रणनीति पर काम कर रही है।
