इज्जतनगर और किला थाना क्षेत्रों में चला अभियान
बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने मंगलवार को अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की। इज्जतनगर और किला थाना क्षेत्रों में चार भवनों को सील कर दिया गया। बीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और साफ कर दिया कि बिना स्वीकृति निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।
अवैध निर्माण पर गिरी गाज
मिनी बाईपास पर डॉ. निहाल सिंह गंगवार करीब 110 वर्गमीटर जमीन पर कॉमर्शियल बिल्डिंग खड़ी कर रहे थे। कर्मचारी नगर में राजेंद्र कुमार 300 वर्गमीटर क्षेत्र में बने प्रतिष्ठान का संचालन कर रहे थे, लेकिन वह स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं कर पाए। वहीं किला थाना क्षेत्र के रामपुर रोड पर सुदेश सिंह ने 600 वर्गमीटर और किला सिटी स्टेशन के सामने अजय कुमार ने 250 वर्गमीटर में कॉमर्शियल निर्माण शुरू कर रखा था। सभी निर्माण स्थलों पर कार्रवाई कर भवनों को सील कर दिया गया।
प्रवर्तन टीम की मौजूदगी
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी, संदीप कुमार, सुरेंद्र द्विवेदी, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह चौहान और ज्ञानेन्द्र शर्मा समेत पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
बीडीए की चेतावनी
बीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि विकास क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे कामों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता को चेतावनी दी गई है कि संपत्ति खरीदने से पहले यह जरूर जांच लें कि वह बीडीए से स्वीकृत है या नहीं।
