मैनपुरी/लखनऊ : यूपी के मैनपुरी के बिछवा थाना क्षेत्र के गांव पाल में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 30 वर्षीय किसान पुष्पेंद्र शाक्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, खेत में छिपे बदमाशों ने जैसे ही छत से टॉर्च की रोशनी मारी, तुरंत गोली चला दी। गोली सीधे किसान के चेहरे पर लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घर की छत पर सो रहे थे पुष्पेंद्र
परिजनों ने पुलिस को बताया गया कि पुष्पेंद्र शाक्य रात में खाना खाने के बाद रोज की तरह छत पर सोने गए थे। बड़े भाई को नीचे भेजने के बाद वह चारपाई पर लेट गए। तभी मकान के पीछे से आहट हुई। जिससे वह उठे, और टॉर्च की रोशनी मारी। इसके तुरंत बाद गोली चली और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीएम रिपोर्ट से खुलेगी सच्चाई
ग्रामीणों ने खेत में छिपे बदमाशों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अरुण सिंह मोर्चरी पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। एसपी सिटी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
