कन्नौज में बोले अखिलेश यादव- जनता महंगाई और बेरोजगारी से बेहाल, विदेश नीति पर सरकार को नसीहत
पुलिस से डरी जनता, जीएसटी से बर्बाद हुआ व्यापार- अखिलेश का BJP पर हमला
कन्नौज/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कन्नौज में बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और दोषपूर्ण जीएसटी से जनता त्रस्त है, सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद कर दी हैं।
विदेश नीति पर बड़ा बयान

अखिलेश यादव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा हम अमेरिका को कभी नहीं छोड़ सकते, क्योंकि वह हमारा बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहीं, चीन भरोसे लायक नहीं है, कई बार धोखा दिया है, जमीन पर कब्जा किया है और पाकिस्तान की मदद करता है। सरकार को चीन से सावधान रहना चाहिए।
कन्नौज में पीड़ित परिवार से मुलाकात

सपा प्रमुख अखिलेश यादव बिजली हादसे में मारे गए बृजेश राठौर के परिवार से मिले और उन्हें 2 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने कहा – “जिसकी लापरवाही से मौत हुई, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। परिवार पर दर्ज झूठे मुकदमे भी वापस लिए जाएं।”
पुलिस से भयभीत है जनता
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा “यह पता नहीं कैसी पुलिस बना दी है सरकार ने। वर्दी देखकर लोग अपनी जेब पकड़ लेते हैं। जनता पुलिस से लगाव नहीं, बल्कि डर महसूस कर रही है।
महंगाई और जीएसटी पर हमला
सपा अध्यक्ष ने कहा “जनता में नाराज़गी है महंगाई को लेकर। क्या बिजली आ रही है? क्या एंबुलेंस मिल रही है? दोषपूर्ण जीएसटी से व्यापार बर्बाद हो गया है। मुनाफाखोरी जब तक कम नहीं होगी, गरीबों को लाभ नहीं मिलेगा।
