फायरिंग से गांव में दहशत,सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पर हत्या का आरोप
मैनपुरी/लखनऊ : यूपी के मैनपुरी जिले के जगरूपपुर गांव में शनिवार सुबह कूड़ा डालने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भूदेव और उनके बेटों ने फायरिंग की। इसमें 35 वर्षीय योगेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाने से मना कर दिया और कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।
जानें कैसे हुआ विवाद?
शनिवार सुबह सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के परिजन पड़ोसी योगेंद्र सिंह के दरवाजे पर कूड़ा डालने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि भूदेव और उनके बेटों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से योगेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रमोद के बेटे सहित दो लोग घायल हो गए।
गांव में तनाव, पुलिस की तलाश जारी
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कवायद चल रही है।
