इंस्पेक्टर बोले- दोनों थे दोस्त, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा सच्चाई का खुलासा
बरेली : यूपी के बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि चरस व स्मैक का धंधा करने वाले स्थानीय बदमाशों ने उन्हें मुखबिरी का जिम्मेदार ठहराकर बेरहमी से पिटाई की। शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर गुस्सा जताया। इसके साथ ही थाना घेराव कर हंगामें की बात कही है। परिजनों का कहना है कि दबाव के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मगर, इस मामले इंस्पेक्टर सीबीगंज सुरेंद्र पाल सिंह ने “The Justice HINDI” को बताया कि आरोपी और मृतक दोनों साथ रहते थे, और खाते पीते थे। इसी दौरान कोई बात हुई है। मृतक के परिजनों ने मुखबिरी के शक में पीटने, और परधोली के पास गंभीर हालत में पड़े होने की सूचना दी गई थी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मगर, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा होगा। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
जाने क्या है मामला?
देखें वीडियो
सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव निवासी भूरे (58 वर्ष) के परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम गांव के ही इमरान रजा और वसीम घर से बुलाकर ले गए थे। परधौली गांव के पीछे ले जाकर उनकी पिटाई की गई। मृतक के बेटे अजीम का कहना है कि दोनों आरोपी नशे का कारोबार करते हैं और उनके पिता इसकी मुखबिरी करते थे, इसी वजह से हमला किया गया। यह बात बाद में गांव के ही खुशबुद्दीन उर्फ अंडा ने फोन कर बताया कि भूरे गंभीर हालत में प्रधान के प्लॉट में पड़े हैं। पुलिस को सूचना दी गई लेकिन तत्काल कार्रवाई करने के बजाय इलाज कराने की सलाह दी गई। शुक्रवार शाम इलाज के दौरान भूरे की मौत हो गई।
थाने पर जताई नाराजगी
परिजनों ने बताया कि मौत की खबर फैलते ही गांव के लोगों और रिश्तेदार थाने पहुंच गए और थाना प्रभारी पर कार्रवाई टालने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। आरोप है कि थाना प्रभारी अक्सर गंभीर मामलों में भी एनसीआर तक दर्ज करने से बचते हैं। आक्रोश के बीच मृतक के बेटे अजीम की तहरीर पर पुलिस ने इमरान रजा और वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
