गाजीपुर/लखनऊ: यूपी के गाजीपुर जिले के संदल गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति और दो छोटे बच्चों को छोड़कर अपने भतीजे से शादी रचा ली। यह विवाह खानपुर थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में हुआ। यहां पति ने खुद अपनी पत्नी की मांग में प्रेमी से सिंदूर डलवाया।
जानें क्या है पूरा मामला?
संदल गांव निवासी महिला की शादी मेहनत-मजदूरी करने वाले युवक से हुई थी। दोनों के पांच साल का बेटा और तीन साल की बेटी है। लेकिन विवाहिता के अपने भतीजे से प्रेम संबंध बन गए। करीब दो महीने पहले पति को इस बारे में पता चला। उसने समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला और उसका प्रेमी 15 दिन पहले घर छोड़कर फरार हो गए। पति की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को खोजकर वापस लाया। इसके बाद परिवार और समाज के विरोध के बावजूद विवाहिता ने प्रेमी से शादी करने की जिद पकड़ी। आखिरकार ग्राम प्रधान, परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में खानपुर थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया।
पत्नी की जिद के आगे पति बेबस
इस मामले में पति ने मीडिया को बताया कि “पत्नी की जिद के आगे न मेरी चली, न बच्चों की। जिसे प्रेमी पति और बेटे-बेटी से ज्यादा प्रिय हो, उसे घर में रखना असंभव था। अनहोनी के डर से मैंने उसे आज़ाद कर दिया।”मगर, इस घटना ने स्थानीय लोगों को हिला दिया है। ग्रामीण इसे पारिवारिक मूल्यों पर चोट मान रहे हैं।
