लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला है। गुरुवार को प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों और मतदाताओं को दुश्मनों की तरह ट्रीट कर रही है। उन्होंने भाजपा को “धोखेबाज पार्टी” करार देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने बीते 10 वर्षों से दोषपूर्ण जीएसटी लागू कर महंगाई बढ़ाई और जनता को लूटा है।
तानाशाही रवैया अपनाती है भाजपा सरकार
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया लोकतांत्रिक नहीं बल्कि तानाशाहीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को ईमानदार होना चाहिए और भाषा-व्यवहार मर्यादित होना चाहिए, लेकिन भाजपा के तौर-तरीके इसके उलट हैं।
PDA की ताकत से डरी BJP
अखिलेश ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से भाजपा डर रही है। जैसे-जैसे यह ताकत बढ़ रही है, भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ रहा है।
पर्यावरण और अर्थव्यवस्था पर सवाल
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुँचाया है। नदियों की सफाई नहीं हुई। जंगलों में अंधाधुंध पेड़ों की कटाई हुई। पहाड़ी राज्यों में अनियोजित कार्यों ने तबाही के हालात पैदा किए। उन्होंने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने हिमालय बचाओ अभियान शुरू किया था, आज उसी नीति पर चलकर ही इन राज्यों को बचाया जा सकता है। अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा – अगर सब अच्छा है तो करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन क्यों दिया जा रहा है? सरकार बताए कि प्रति व्यक्ति आय क्या है?
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की बधाई
सपा अध्यक्ष ने इस अवसर पर मुस्लिम समाज को ईद -ए- मिलाद -उन-नबी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद दिलाता है, जिन्होंने दुनिया को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया था।
