बरेली : दीपावली और छठ पूजा को देखकर रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए आठ नई फेस्टिवल स्पेशल (त्योहार विशेष) ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें बरेली होते हुए चलेंगी। इससे पहले भी 30 गाड़ियों की समय सारिणी घोषित की जा चुकी है। नई ट्रेनों में टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है, लेकिन यात्री अभी भी नियमित गाड़ियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। नतीजतन विशेष ट्रेनों में सीटें खाली हैं, जबकि नियमित ट्रेनों में टिकट बुकिंग खुलते ही “नो रूम” की स्थिति बन रही है।
त्योहार विशेष ट्रेनें और उनका शेड्यूल
स्पेशल ट्रेन 04203 लखनऊ-दिल्ली 22 सितंबर से 24 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन सुबह 8:05 बजे लखनऊ से प्रस्थान कर 11:28 बजे बरेली, और शाम 6:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह से 04204 दिल्ली वाया बरेली-लखनऊ स्पेशल ट्रेन 23 सितंबर से 25 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन रात 8:20 बजे दिल्ली प्रस्थान कर 2:25 बजे बरेली, और सुबह 6:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी। 04010 दिल्ली वाया बरेली-सीतामढ़ी स्पेशल ट्रेन 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक हर गुरुवार को रात 11:05 बजे दिल्ली प्रस्थान कर 4:10 बजे बरेली, और रात 10:30 बजे सीतामढ़ी, 04009 सीतामढ़ी वाया बरेली-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 3 अक्तूबर से 28 नवंबर तक हर शुक्रवार को रात 11:55 बजे सीतामढ़ी से प्रस्थान कर 6:35 बजे बरेली, और 11:58 बजे दिल्ली, 04022 नई दिल्ली वाया बरेली-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 3 अक्तूबर से 28 नवंबर तक हर शुक्रवार को दोपहर 2:00 बजे दिल्ली से प्रस्थान कर 7:20 बजे बरेली, और अगले दिन सुबह 5:00 बजे गोरखपुर, 04021 गोरखपुर वाया बरेली-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 4 अक्तूबर से 19 नवंबर तक हर शनिवार को सुबह 7:00 बजे गोरखपुर से चलकर 5:48 बजे बरेली, और 11:10 बजे दिल्ली, 04456 नई दिल्ली वाया बरेली-धनबाद स्पेशल ट्रेन 20 सितंबर से 30 नवंबर तक हर दिन रात 10:40 बजे दिल्ली से चलकर 4:23 बजे बरेली, और 2:20 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसी तरह से 04455 धनबाद वाया बरेली-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 22 सितंबर से 2 दिसंबर तक हर दिन सुबह 4:00 बजे धनबाद से चलकर 12:23 बजे बरेली, और सुबह 6:00 बजे दिल्ली आएगी।
यात्रियों ने जताई खुशी
रेलवे का कहना है कि त्योहारों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से यह कदम उठाया गया है। हालांकि, अभी तक यात्री नियमित ट्रेनों को तरजीह दे रहे हैं और स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग धीमी चल रही है।
