बरेली : पंजाब से नानकमत्ता गुरुद्वारे दर्शन के लिए आए 55 वर्षीय दर्शन सिंह का अपहरण कर बदमाशों ने परिजनों से डेढ़ लाख रुपये वसूले। इसके बाद और रकम की मांग की गई। घबराए परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी, तो थाना कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर मात्र 6 घंटे में पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं।
जानें कैसे हुई घटना?
दर्शन सिंह, निवासी सुचेतगढ़, कपूरथला (पंजाब) शनिवार को नानकमत्ता गुरुद्वारे के दर्शन के लिए आए थे। बरेली में लालफाटक पुल के पास युवकों ने मददगार बनकर उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया और जंगल की ओर ले जाकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने दर्शन सिंह के मोबाइल से घर फोन कर उनकी पत्नी से बात कराई और 3 लाख रुपये फिरौती मांगी।
यूपीआई से भेजी रकम
परिजनों ने डर के साए में यूपीआई से 1.5 लाख रुपये चार किस्तों में भेज दिए। इसके बाद भी बदमाश और रकम मांगने लगे। मंगलवार को पीड़ित के भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर कैंट पुलिस और एसओजी टीम हरकत में आई। बुधवार को सूचना मिली कि बदमाश दर्शन सिंह को दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। उमरसिया-बभिया रोड पर डेलापीर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बरेली कैंट थाना क्षेत्र k कांधरपुर निवासी आकाश (23 वर्ष), और वीरेन्द्र (22 वर्ष) निवासी को हिरासत में लिया। इनकी निशानदेही पर दर्शन सिंह को सकुशल बरामद कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के नाम देवाराम उर्फ सोनू (बदायूं), राहुल निवासी कांधरपुर, बरेली, मनोज साहू, सदभावना कॉलोनी, कांधरपुर और
अभिषेक उर्फ पुच्ची कांधरपुर, बरेली बताया। पुलिस का कहना है कि फरार चारों बदमाश भी जल्द पकड़े जाएंगे।
पुलिस टीम की सराहना
इस कार्रवाई में एसओजी टीम, कैंट इंस्पेक्टर राजेश कुमार, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, बॉबी कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप और रोहन की अहम भूमिका रही। इनकी अफसरों ने तारीफ की।
