सपा प्रमुख बोले- भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में मंगलवार को उलेमा-ए-इकराम का एक प्रतिनिधिमंडल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिला। इस दौरान उलेमा-ए-इकराम ने अखिलेश यादव के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की दुआ की, और उन्हें नेताजी मुलायम सिंह यादव के नक्शे कदम पर चलने वाला सच्चा समाजवादी नेता बताया।प्रतिनिधिमंडल ने एक स्वर में कहा कि हम पूरी मजबूती से समाजवादी पार्टी के साथ खड़े हैं। अखिलेश यादव ने आभार जताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का सभी से भावनात्मक रिश्ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। मॉब लिंचिंग, पुलिस हिरासत में मौतें और झूठे मुकदमों में निर्दोषों को फंसाना आम हो गया है।
2027 में सत्ता से बाहर होगी भाजपा

उन्होंने कहा “2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कमजोर करने में सपा की बड़ी भूमिका रही थी। 2027 में समाजवादी पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। सत्ता से भाजपा को हटाना ही देशहित में है।” अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक मजबूती से काम करें, और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए सजग रहें।
यह प्रमुख नेता थे मौजूद

इस मौके पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष मो. शकील नदवी के साथ कई प्रमुख उलेमा मौजूद रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और तेजंदर विर्क भी शामिल रहे।
