परिजनों का आरोप- झूठे मुकदमे से आहत था अंकित, पुलिस ने शुरू की जांच
बरेली : यूपी के बरेली की जिला जेल (सेंट्रल जेल-2) में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंदी का शव बैरक के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने आनन -फानन में पुलिस और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। मौके पर जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान अंकित (30 वर्ष), निवासी गंगोल, थाना परतापुर, मेरठ के रूप में हुई। वह छेड़खानी के एक मामले में बरेली जिला जेल में बंद था।
बैरक के भीतर शव फंदे से लटका मिला
परिजनों का आरोप है कि घटना की खबर मिलते ही अंकित के परिजन बरेली पहुंचे। मृतक के चाचा जगस्वरूप (बसपा के मंडल अध्यक्ष) ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अंकित पर झूठा छेड़खानी का केस दर्ज किया गया था। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
जेल परिसर में बंदी की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ गूंजती रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। अभी मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।
