मुआवज़े की मांग को लेकर परिजनों का धरना, पुलिस ने कराया शांत
बरेली : यूपी के बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया की कोका-कोला फैक्ट्री में कार्यरत ट्रक ड्राइवर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन गुस्से में आ गए और शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर धरना-प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवज़े और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा की मांग की। जानकारी के मुताबिक, हरदोई के पचदेवर थाना क्षेत्र के ग्राम अनुआ नई बस्ती निवासी 33 वर्षीय अमित कुमार कोका-कोला फैक्ट्री में ट्रक ड्राइवर थे।
डंपर- ट्रक की टक्कर से गई जान
शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे वह किच्छा डिपो से माल लेकर बिलासपुर जा रहे थे। इसी दौरान भोट गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर से ट्रक की भिड़ंत हो गई, जिसमें अमित की मौके पर ही मौत हो गई। अमित का पोस्टमार्टम रामपुर में कराया गया और शनिवार सुबह शव को बरेली लाया गया। जैसे ही शव फैक्ट्री पहुंचा, परिजन गेट पर धरने पर बैठ गए।
पत्नी ने लगाया आरोप
मृतक की पत्नी पूजा ने आरोप लगाया कि “फैक्ट्री प्रबंधन ड्राइवरों से 24-24 घंटे लगातार गाड़ी चलवाता है। जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। हादसे के बाद भी फैक्ट्री प्रबंधन ने परिवार से कोई संपर्क नहीं किया।”पूजा ने कहा कि अमित ही परिवार के इकलौते सहारा थे और अब बच्चों की परवरिश सबसे बड़ी चिंता है। उनकी दो बेटियाँ गुनगुन और खुशी हैं।
पुलिस ने परिजनों को किया शांत
धरने की खबर मिलते ही सीबीगंज थाने की परसाखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और परिजनों को समझाने की कोशिश की। पुलिस के काफी प्रयासों के बाद माहौल शांत कराया गया।
