27 लूटों को अंजाम देने का कुबूलनाम, लूट की रकम से खरीदी बाइक, और जमा कर रहे थे किस्त
बरेली : यूपी के बरेली देहात की मीरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में दो कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों आरोपी पिछले आठ–नौ महीनों से बरेली और आसपास के इलाकों में लूट एवं छिनैती की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस, कुंडल, मोबाइल फोन, नकदी और KTM बाइक बरामद की।
लूट की रकम से खरीदी बाइक
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/B940JEJbgFE?si=zrHdG6obt7TmKtBg
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सोहेल (25 वर्ष) और तसलीम (28 वर्ष), निवासी ग्राम दियोरिया अतरौली थाना मीरगंज के रूप में हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी है। इसके बाद उन्हें सीएचसी मीरगंज में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने लूट की रकम से बाइक खरीदने की बात कुबूल की है। इसके साथ ही बाइक की किस्त जमा कर रहे थे।
जानें कैसे हुई मुठभेड़
26 अगस्त को मीरगंज हाईवे पर एक महिला के कान से कुंडल छीनने की वारदात हुई थी। इस मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। 29 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक नगरिया सादात मार्ग पर मजार के पास मौजूद हैं। घेराबंदी होते ही बदमाश भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल होकर गिर पड़े और गिरफ्तार कर लिए गए।
पुलिस के सामने कबूलनामे में खुलासा
पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने साथी वाहीद अली के साथ मिलकर सीबीगंज, शीशगढ़, भमोरा, आंवला, मीरगंज और इज्जतनगर में अब तक 27–28 वारदातें कर चुके हैं। आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस व दो चले हुए खोखे, चार सोने जैसे कुंडल, दो मोबाइल फोन, 4,580 नकद, KTM-250 ड्यूक बाइक बरामद हुई है।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना मीरगंज प्रभारी निरीक्षक प्रयाग राज सिंह, चौकी प्रभारी सूरजपाल सिंह समेत पूरी टीम का अहम योगदान रहा। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
