जालौन / लखनऊ : यूपी के जालौन जिले के कैलिया थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। सुनील राठौर नाम के एक युवक (बेटे) ने अपने पिता मुन्नालाल राठौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। बचाव के लिए आई मां मालती देवी पर भी उसने वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। थाना अध्यक्ष कैलिया, अवनीश पटेल, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, और आरोपी सुनील को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
आरोपी मानसिक अस्वस्थ
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी मानसिक अस्वस्थ बताया गया है।सीओ परमेश्वर प्रसाद के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुनील राठौर मानसिक रूप से अस्वस्थ था और घर में अक्सर विवाद करता था। घटना का कारण उसका अचानक गुस्सा होना बताया जा रहा है। फिलहाल हत्या के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हमले में घायल मालती देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
