पुलिस ने गिरोह की सरगना, इंटर की छात्रा और साथियों को दबोचा, होटल में आपत्तिजनक हालत में पकड़कर करते थे ब्लैकमेल
बरेली : शहर के इज्जतनगर इलाके में हनीट्रैप गैंग की करतूत का बड़ा खुलासा हुआ है। गिरोह के लोगों ने एक शादीशुदा युवक को इंटरमीडिएट की छात्रा के जरिए जाल में फंसाया। उन्होंने पहले उससे 30 हजार रुपये नकद, 15 हजार ऑनलाइन, और सोने की अंगूठी ली। इसके बाद पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे। रहपुरा चौधरी गांव निवासी पीड़ित अमित राठौर ने पुलिस को बताया कि उसका परिचित आकाश (कैटरिंग का काम करने वाला) छात्रा का नंबर देता था। छात्रा से बातचीत के बाद 17 अगस्त को दोनों की मुलाकात सिटी स्टेशन रोड के एक होटल में हुई। इसी दौरान छात्रा का मामा, और भाई बनकर दो आरोपी पहुंचे और आपत्तिजनक हालत में अमित को पकड़ लिया।
गैंग के सदस्यों ने की मारपीट
आरोपी है कि इस गैंग के सदस्य अमित को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर मिनी बाईपास ले गए। वहां मारपीट की, और धमकी दी कि फोटो-वीडियो वायरल कर देंगे। अगर, 5 लाख रुपये नहीं दिए। अमित ने दबाव में 30 हजार रुपये, और सोने की अंगूठी सौंप दी। लगातार धमकियों से परेशान होकर अमित ने इज्जतनगर पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह, और उनकी टीम ने दबिश देकर गिरोह की सरगना, छात्रा और अन्य आरोपियों गुड्डू बंजारा उर्फ शकील अहमद, अवधेश, आकाश, मिथलेश गंगवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 6 मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया।
शरीफ लोगों को फंसाता था गैंग
एसपी सिटी मानुष पारीक ने प्रेसवार्ता में मीडिया को बताया कि गिरोह लंबे समय से भोले-भाले युवकों को फंसा रहा था। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस हनीट्रैप गैंग का खुलासा करने वाली टीम में इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह, एसआई जावेद अली,एसआई जसवीर सिंह, हेड कांस्टेबल सलीम, कांस्टेबल आशीष तोमर,महिला हेड कांस्टेबल रेखा चौधरी आदि शामिल थे।
