घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट: रफत आलम
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी में बुधवार रात चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि वर्तमान पार्षद निसार खान और पूर्व पार्षद अकील खां “गुड्डू”के समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से पथराव और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मोहल्ले में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और दोनों ओर से कई लोग घायल हुए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फायरिंग की अफवाह, पुलिस ने की खारिज
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि झगड़े के दौरान फायरिंग भी हुई, लेकिन मौके पर पहुँचे पुलिस अधिकारियों ने इसे नकार दिया। वायरल वीडियो में भी फायरिंग नहीं हो रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से फायरिंग का कोई साक्ष्य नहीं मिला है, केवल ईंट-पत्थर बरामद हुए हैं।
पुरानी रंजिश बनी झगड़े की जड़
पुलिस सूत्रों के अनुसार, निसार खान और अकील के बीच चुनावी रंजिश पुरानी है। तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। यह समझौते से शांत कराया गया था। बुधवार को फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और बवाल शुरू हो गया। इससे पहले भी पूर्व पार्षद पर हमला हुआ था। उनको गंभीर हालत में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जिसके चलते महीनों इलाज हुआ था।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन दोनों गुटों के लोग भाग खड़े हुए। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को बताया कि यह विवाद पूरी तरह चुनावी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हालात काबू में हैं और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना इज्जतनगर पुलिस की ओर से भी बयान आया है कि संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रेतर विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
