पिता और बहन के साथ बाइक पर जा रही थी बाजार, आरोपी युवती से शादी के लिए बना रहा था दबाव
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में, इलाके में फैली दहशत
बरेली/बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीएड की छात्रा भावना उर्फ निशु शर्मा (24 वर्ष) और आगामी दिनों में शादी की तैयारियों में जुटी युवती की एकतरफा प्यार में युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब छात्रा अपने पिता और बहन के साथ बाइक से बाजार शॉपिंग के लिए जा रही थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, और परिवार में कोहराम मच गया।
शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार

यह मामला बिजनौर की देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के करौंदा चौधर गांव का है। पुलिस के अनुसार, मृतक युवती बीएड की छात्रा थी और उसकी शादी 10 दिन बाद यानी एक मई को होनी थी। इसके साथ ही 26 अप्रैल को तिलक जाना था। रविवार को वह अपने पिता और बहन के साथ बाइक से बाजार जा रही थी, तभी बाइक पर सवार एक युवक ने रास्ते में रोककर उसे गोली मार दी।छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की। मगर, वह तमंचा लहराकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी शिवान ने नगीना थाने में सरेंडर कर दिया। मगर, पुलिस की गिरफ्तारी की बात सामने आई है।
एकतरफा प्यार में बना रहा था शादी का दबाव
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक, जो उसी क्षेत्र का रहने वाला है। काफी समय से युवती से एकतरफा प्यार करता था और उस पर शादी का दबाव बना रहा था।परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी युवती को फोन और सोशल मीडिया के जरिए परेशान करता था। जब उसे युवती की शादी तय होने की जानकारी मिली, तो उसने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठा लिया।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिवान को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी बिजनौर ने मीडिया को बताया कि “आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला एकतरफा प्रेम और शादी को लेकर मनोवैज्ञानिक दबाव का लग रहा है। आगे की जांच जारी है और जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।”
इलाके में तनाव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद क्षेत्र में गम और आक्रोश का माहौल है। मृतका के घर पर सन्नाटा पसरा है और परिवार के सदस्य बदहवास हैं। लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। मृतका के पिता की ओर से एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वह कोर्ट में अधिवक्ता हैं।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मृतका की शादी की तारीख तय हो चुकी थी और घर में तैयारियां जोरों पर थीं। परिजनों के अनुसार “वह अपनी शादी के लिए कपड़े और सामान लेने बाजार जा रही थी। किसे पता था कि उसकी जिंदगी इतनी बेरहमी से छीन ली जाएगी।” मृतका के भाई का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी ने बहन को परेशान किया था। मगर पंचायत के बाद आरोपी ने परेशान न करने की बात कही थी, लेकिन अब उसने भावना की जिंदगी ही छीन ली। उन्होंने आरोपी को फांसी देने की मांग की। मृतका की बहन आकांक्षा का कहना है कि मैं और दीदी पापा के साथ बाइक से कपड़े खरीदने जा रहे थे। मैं बीच में बैठी थी, पापा गाड़ी चला रहे थे। दीदी पीछे थी, हम आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान शिवान पीछे से बाइक से आया, उसने दीदी की गोली मार दी। हमारा पल भर में सब खत्म हो गया।
