बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और यमुना पांटून पर तेज रफ्तार में दौड़ाई कार, अलग-अलग गानों पर किया डांस
लखनऊ/औरैया : सोशल मीडिया पर छाने के चक्कर में कुछ लोग अपनी और दूसरों की जान की परवाह करना ही भूल जाते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, यूपी के औरैया जिले से, यहां एक महिला ने कार के बोनट पर बैठकर रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। ये रील तेजी से वायरल हुई, लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो रील से कहीं ज्यादा असली था। रील की शौकिन महिला ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कार के बोनट पर डांस कर रील बनवा रही थी। उसकी यह रील सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। मगर, इसके बाद परिवहन निगम (आरटीओ) ने कार का नंबर ट्रेस कर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर कार का 22500 रूपये का चालाना काटा है।
कार के बोनट पर बैठकर बनाया वीडियो, उड़ा दिए नियमों के परखच्चे

यह घटना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और यमुना पांटून ब्रिज की है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला तेज रफ्तार से दौड़ रही कार के बोनट पर बैठी हुई है और अलग-अलग पोज में कैमरे की ओर देखकर रील बना रही है। आसपास कोई सुरक्षा उपाय नहीं था, और वाहन चलती अवस्था में था। इस वीडियो में तेज गति, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक स्थान पर स्टंट कर महिला को देखा गया। यह न सिर्फ खतरनाक था, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी जोखिम भरा।
सोशल मीडिया पर वायरल, प्रशासन एक्टिव
रील वायरल होते ही RTO औरैया ने वीडियो का संज्ञान लिया। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार नंबर की पहचान की गई और महिला को नोटिस जारी किया गया। महिला का नाम शिवानी चौहान बताया गया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के यमुना पांटून ओवर ब्रिज पर कार संख्या UP 79 Z 8974 के बोनट पर बैठकर रील बनाई।
“तेरे कारे कारे नैन पर डांस”

वीडियो में महिला ने कार के बोनट पर बैठकर “तेरे कारे कारे नैन मोपे जादू कर गए” गाने पर रील बनाई, तो वहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के वीडियो में “सारी रात मुझे तेरी याद आती रही” गाने पर कार के बोनट पर खड़े होकर रील बनाई। इसके बाद अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर शेयर की।
दो बार में कटा 22,500 रुपये का चालान
परिवहन विभाग ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत कुल 22,500 रूपये का चालान काटा गया है। इसमें सीट बेल्ट न पहनना, वाहन को खतरनाक तरीके से चलाना, सार्वजनिक स्थान पर स्टंट करना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी शामिल है। आरटीओ अधिकारी का कहना है कि “सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीडियो के आधार पर संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। यह एक गंभीर अपराध है।” कार का दो बार चालान किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, यदि महिला ने चालान का भुगतान समय पर नहीं किया गया, तो वाहन जब्ती या ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
